गाजीपुर
रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम : डीएम
गाजीपुर, 15 सितंबर।उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ की जनपद शाखा गाजीपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फीता काटकर किया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और महासंघ के पदाधिकारियों से जनहित और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

रक्तदाताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में नियमित रक्तदान करने वाले लोगों को जिलाधिकारी ने स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सक्षम लोगों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

बाढ़ से बचाव की बने प्रभावी योजना
डीएम ने गाजीपुर में बाढ़ की समस्या का उल्लेख करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन, जल निकासी की व्यवस्था और आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए स्थायी और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर
उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से सड़क, पुल, नाली, जल निकासी, सिंचाई समेत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और स्थायित्व पर विशेष ध्यान देने को कहा। निर्धारित समयसीमा में पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ विकास कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
जनहित में काम करने की अपील
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। तकनीकी दक्षता और प्रशासनिक सोच के समन्वय से जिले की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सकता है।
