गाजीपुर
सत्यावती मिश्रा के निधन पर भाजपा ने जताया शोक
भाजपा जिला कार्यालय पर हुई शोकसभा, नेताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
गाजीपुर। जयदेश। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यावती मिश्रा के निधन पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय पर शोकसभा आयोजित कर गहरी संवेदना व्यक्त की। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की।
अपूरणीय क्षति बताया
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि सत्यावती मिश्रा का निधन बेहद दुखद है। उनके निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है और भाजपा परिवार में शोक की लहर है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कठिन समय में परिवार के साथ
विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि कलराज मिश्र के कठिन जीवन की सहयात्री रहीं सत्यावती मिश्रा का निधन परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई संभव नहीं है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।
दो मिनट का मौन रखा
शोकसभा के अंत में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और ईश्वर से प्रार्थना की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व विधायक कालीचरन राजभर, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, सरोज मिश्रा, विष्णु प्रताप सिंह, सुमित तिवारी, साधना राय, किरन सिंह, सुधाकर कुशवाहा, गर्वजीत सिंह, शनि चौरसिया समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
