गाजीपुर
जर्जर विद्युत पोल और तारों से हादसे का खतरा
शिकायतों के बाद भी नहीं बदला पोल, तारों में लिपटी जंगली लताएं बढ़ा रहीं खतरा; विभागीय लापरवाही पर सवाल
भीमापार। विद्युत वितरण खंड तृतीय, सैदपुर के भीमापार और मिर्जापुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था के रखरखाव को लेकर विभागीय लापरवाही सामने आ रही है। भीमापार बाजार में गांधी प्रतिमा के पास लगा जर्जर स्टील का विद्युत पोल नीचे से आधे से अधिक हिस्सा सड़ जाने के कारण झुक गया है। इससे उसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है और व्यस्त बाजार में बड़ा हादसा हो सकता है।

शिकायत के बाद भी नहीं बदला पोल
स्थानीय लोगों के अनुसार जर्जर पोल को बदलने के लिए उपखंड अधिकारी भीमापार और अधिशासी अभियंता सैदपुर को कई बार शिकायत दी जा चुकी है। समस्या को समाचार पत्र के माध्यम से भी प्रमुखता से उठाया गया, लेकिन अब तक पोल नहीं बदला गया।
आश्वासन के बाद भी स्थिति जस की तस
जयदेश के जिला राजनीतिक संवाददाता ने भी मामले से अधिशासी अभियंता सैदपुर को अवगत कराया था। उन्होंने जल्द पोल बदलवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

तारों में लिपटी जंगली लताएं
मिर्जापुर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत बड़ागांव कृषि फीडर के विद्युत पोलों की स्थिति भी चिंता बढ़ा रही है। सैदपुर-चिरैयाकोट मुख्य मार्ग के किनारे एक पोल पर जंगली लताएं ऊपर तक फैलकर विद्युत तारों से लिपट गई हैं। इससे बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के साथ शॉर्ट सर्किट और विद्युत दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
रखरखाव पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइनमैन और संबंधित कनिष्ठ अभियंता का ध्यान इन समस्याओं की ओर नहीं जा रहा है। विद्युत व्यवस्था के रखरखाव पर धनराशि खर्च होने के बावजूद जर्जर पोल और तारों की स्थिति विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

डीएम के निर्देश भी बेअसर
पिछले दिनों विद्युत दुर्घटनाओं के बाद जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को जर्जर पोल और तारों समेत खतरनाक विद्युत व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद क्षेत्र में समस्या बने रहने से निर्देशों के अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं।
अधिकारियों के जवाब में भी विरोधाभास
कनिष्ठ अभियंता इंदल कुमार ने बताया कि जर्जर पोल की जानकारी उच्चाधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है। उपखंड अधिकारी भीमापार को लिखित सूचना के साथ पोल की तस्वीरें भी उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, उपखंड अधिकारी भीमापार ने मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताते हुए दोनों स्थानों की तस्वीरें भेजने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
तत्काल सुधार की मांग
स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से गांधी प्रतिमा के पास लगे जर्जर पोल को तत्काल बदलने, बड़ागांव कृषि फीडर के पोलों से जंगली लताएं हटाने तथा क्षेत्र के अन्य जर्जर पोल और तारों का निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को समय रहते रोका जा सके।
