भदोही
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों की अव्यवस्था पर डीएम सख्त
उगापुर केंद्र का निरीक्षण कर सचिव को कारण बताओ नोटिस, सभी केंद्रों पर कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के निर्देश
भदोही। स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने ग्राम पंचायतों में संचालित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विकासखंड औराई की ग्राम पंचायत उगापुर स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, कूड़ा संग्रहण और निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। केंद्र के फर्श और दीवारों की स्थिति खराब होने के साथ ही एकत्रित कूड़े का समुचित निस्तारण नहीं किया जा रहा था।
कमियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव अनुपम द्विवेदी और खंड विकास अधिकारी औराई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही खंड विकास अधिकारी को प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई करते हुए केंद्र की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने को कहा।
गीले-सूखे कचरे को अलग करने के निर्देश
डीएम ने निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों में स्थापित सभी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों पर कूड़े का नियमित और वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। गीले एवं सूखे कचरे को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अलग-अलग किया जाए और उपयोगी अपशिष्ट से कम्पोस्ट आदि तैयार करने की व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित की जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर लागू करने के लिए अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों का नियमित एवं व्यवस्थित संचालन जरूरी है। किसी भी केंद्र पर कूड़ा एकत्रित होकर पड़ा नहीं रहना चाहिए तथा केंद्रों की साफ-सफाई और आधारभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कूड़े के निस्तारण और केंद्रों के संचालन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। कमी मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
