वाराणसी
पिंडरा में 10 हजार महिलाओं का सम्मान
मुख्यमंत्री योगी होंगे मुख्य अतिथि
महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत बाबतपुर में 9 सितंबर को कार्यक्रम, तैयारियां अंतिम दौर में
पिंडरा। महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के बाबतपुर में 9 सितंबर को 10 हजार महिलाओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
मंगलवार को आशा एजुकेशनल ग्रुप बाबतपुर के प्रांगण में आयोजित प्रेसवार्ता में पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि बुधवार को दोपहर दो बजे विभिन्न महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं और समाज में जागरूकता के लिए कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ सफाईकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती व सहायिका, पंचायत सहायक, आशा संगिनी, एएनएम, शिक्षामित्र, रसोइया, शौचालय केयर टेकर सहित सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली कुल 10 हजार महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि महिलाओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और भाजपा संगठन के प्रदेश पदाधिकारी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
40 हजार वर्ग फीट में बनेगा पंडाल
महिला सम्मान समारोह के लिए 40 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में बड़ा पंडाल तैयार किया गया है। इसमें 10 हजार महिलाओं के बैठने की व्यवस्था आठ निर्धारित ब्लॉकों में की गई है। अतिथियों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। सभी महिलाओं को जांच के बाद पूर्व में दिए गए पहचान पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह मौजूद रहे।
