गाजीपुर
बेलघाट क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी सौगात, अंडरपास पर शुरू हुआ बसों का ठहराव
गोरखपुर-लखनऊ रूट की दो परिवहन निगम बसें रोजाना रुकेंगी, यात्रियों को आवागमन में मिलेगी सुविधा
बेलघाट (गोरखपुर)। बेलघाट क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग मंगलवार को पूरी हो गई। बेलघाट-बहादुरपुर लिंक एक्सप्रेसवे अंडरपास पर परिवहन निगम की बसों का ठहराव शुरू हो गया है। मंगलवार सुबह 9:40 बजे गोरखपुर से चलकर बहादुरपुर अंडरपास पहुंची परिवहन निगम की बस यात्रियों को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुई। बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
अब गोरखपुर से लखनऊ जाने वाली परिवहन निगम की बसें प्रतिदिन बहादुरपुर अंडरपास पर रुकेंगी। इससे बेलघाट और आसपास के गांवों के लोगों को लखनऊ सहित मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख शहरों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए दूर स्थित बस अड्डों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बताया गया कि बेलघाट क्षेत्र के नेता विनोद कुमार त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रवासियों की समस्या रखी थी। उन्होंने बहादुरपुर अंडरपास पर परिवहन निगम की बसों के ठहराव की मांग की थी। उनके प्रयास के बाद परिवहन विभाग के निदेशक विपिन कुमार मिश्रा ने मांग स्वीकार करते हुए बसों के ठहराव और संचालन के संबंध में निर्देश जारी किए।
बस पहुंचते ही हुआ स्वागत
बस सेवा शुरू होने के अवसर पर बहादुरपुर अंडरपास पर क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ बस का स्वागत किया। सुबह 9:40 बजे बस पहुंचते ही लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। इस दौरान बेलघाट मंडल अध्यक्ष बजरंगी सिंह समेत क्षेत्र के कई सम्मानित लोग मौजूद रहे।
दो बसों को मिली मंजूरी
परिवहन विभाग ने बहादुरपुर अंडरपास पर दो बसों के ठहराव को मंजूरी दी है। पहली बस सुबह 9:40 बजे और दूसरी बस सुबह 10:40 बजे अंडरपास पर रुकेगी। ठहराव के बाद दोनों बसें यात्रियों को लेकर लखनऊ की ओर रवाना होंगी।
क्षेत्रवासियों ने बसों का ठहराव शुरू होने को बड़ी सौगात बताते हुए विनोद कुमार त्रिपाठी के प्रयासों की सराहना की। लोगों का कहना है कि इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ विकास को भी गति मिलेगी।
