Connect with us

गाजीपुर

सिधौना हादसे में घायल मजदूर की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

खड़े ट्रक में पीछे से बाइक टकराने के बाद गंभीर रूप से हुए थे घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सिधौना। सिधौना बाजार में एनएच-31 पर सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सोमकार राम पुत्र विश्वनाथ, निवासी डुढूवां चौबेपुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

मौत की पुष्टि के बाद सिधौना चौकी पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सोमकार राम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी मंजू देवी और चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। चार बच्चों में अभी केवल एक की शादी हुई है, जबकि एक बच्ची दिव्यांग बताई जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने बताया कि सोमकार राम के पास न जमीन है और न कोई खास जायदाद। परिवार के नाम एक अधूरा मकान ही है। वह लोहे की कटिंग का काम कर मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत के बाद पत्नी और बच्चों के सामने रोजी-रोटी और बच्चों की परवरिश का संकट खड़ा हो गया है।

बताया गया कि हादसे से पहले सोमकार राम परिवार के ही एक युवक को खाना पहुंचाने गोपालपुर स्थित वैदिक अस्पताल गए थे। उक्त युवक अस्पताल में भर्ती है। खाना पहुंचाकर बाइक से वापस लौटते समय सिधौना बाजार में उनकी बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई।

Advertisement

हादसे के समय बाजार की लाइट कटी होने के कारण हाईवे पर अंधेरा था। ग्रामीण बैंक के सामने बनारस की ओर मुंह किए खड़े ट्रक के पीछे हाईलाइटर पट्टी नहीं लगी होने की बात भी सामने आई थी। बाइक संख्या UP 67 AF 6515 ट्रक संख्या MP 66 ZE 1675 में पीछे से जा भिड़ी थी। हादसे के बाद सिधौना चौकी पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया था।

सोमकार राम की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। जिस व्यक्ति की कमाई से घर का चूल्हा जलता था, उसके चले जाने के बाद पत्नी और चार बच्चों के सामने जीवन-यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page