गाजीपुर
भांवरकोल ब्लॉक में दिव्यांग सशक्तिकरण शिविर संपन्न
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चला शिविर, स्वास्थ्य जांच और सरकारी योजनाओं की औपचारिकताओं का मिला लाभ
भांवरकोल (गाजीपुर)। स्थानीय विकास खंड परिसर में शनिवार को एक दिवसीय दिव्यांग सशक्तिकरण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ शिविर शाम 4 बजे तक चला। इसमें क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और स्वास्थ्य परीक्षण व आवश्यक प्रक्रियाओं का लाभ लिया।
खंड विकास अधिकारी के आदेशानुसार आयोजित शिविर में दिव्यांगजनों की जांच, प्रमाण पत्र बनवाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा कराने में सहयोग किया गया। चिकित्सा एवं प्रशासनिक टीम ने शिविर को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. फैयाज अहमद (कानपुर) और डॉ. सूरज पाल ने दिव्यांगजनों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। कंप्यूटर संबंधी कार्य की जिम्मेदारी गोपाल बिहारी ने संभाली, जबकि शमशेर ने पंजीकरण और कागजी कार्रवाई में सहयोग किया।
शिविर में सुबह से ही दिव्यांगजनों की भीड़ पहुंचने लगी थी। ब्लॉक मुख्यालय पर ही स्वास्थ्य परीक्षण और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध होने से दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों को काफी सुविधा मिली। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने दिव्यांगजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आयोजित इस पहल की सराहना की।
