गाजीपुर
कस्तूरबा विद्यालय के बाहर बदहाली का कहर
गंदगी और जलभराव से छात्राएं परेशान
नाले का गंदा पानी और गड्ढों से भरी सड़क बनी मुसीबत, बार-बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
भांवरकोल (गाजीपुर)। भांवरकोल ब्लॉक परिसर के समीप स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर गंदगी, जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या ने छात्राओं व राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। विद्यालय के गेट के पास नाले का गंदा पानी बह रहा है, जबकि सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रियंका यादव ने बताया कि इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार गंदगी और जलभराव के कारण विद्यालय आने-जाने वाले लोगों के साथ छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
100 में 88 छात्राएं मौजूद
विद्यालय में कुल 100 बालिकाओं का नामांकन है, जिनमें वर्तमान में 88 छात्राएं रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। छात्राओं की देखरेख और पठन-पाठन के लिए चार सहायिकाएं व शिक्षिकाएं मौजूद हैं। विद्यालय परिसर के अंदर रहने, खाने-पीने और पढ़ाई की सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन मुख्य गेट के बाहर की बदहाल स्थिति छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा रही है।
बारिश के दौरान नाले का गंदा पानी सड़क पर फैलने और गड्ढों में जलभराव होने से फिसलने व चोट लगने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय जैसे संवेदनशील स्थान के बाहर बुनियादी सुविधाओं की यह स्थिति गंभीर है।
एडीओ पंचायत ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन
मामले को लेकर एडीओ पंचायत अजय मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने समस्या के समाधान के लिए जल्द उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन कब तक नाले के गंदे पानी, जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कर छात्राओं और राहगीरों को राहत दिलाता है।
