गाजीपुर
तिरंगा यात्रा निकाल विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश
मखदुमपुर में गूंजे देशभक्ति के नारे, छात्र-छात्राओं ने लहराया तिरंगा
चौकी इंचार्ज और प्रधानाध्यापक ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को किया रवाना
भीमापार (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राजकीय हाईस्कूल मखदुमपुर के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साह एवं देशभक्ति के माहौल में तिरंगा यात्रा निकाली। मखदुमपुर चौकी इंचार्ज संतराम यादव और प्रधानाध्यापक रविन्द्र यादव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र
हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित देश के महान महापुरुषों के सम्मान में जयकारे लगाए। बाजार में लोगों ने भी यात्रा का स्वागत कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर मखदुमपुर बाजार के मुख्य मार्ग से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। समापन अवसर पर चौकी इंचार्ज संतराम यादव ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और वीर सपूतों के त्याग एवं बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रविन्द्र यादव, मंगलेश कुमार सिंह, रमेश कुमार, अक्षय कुमार यादव, सुरेंद्र यादव, वैष्णवी यादव, शैलेश कुमार, रामदरश प्रसाद, चंदा यादव, सीमा सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
