आजमगढ़
छोटी अयोध्या में गूंजेगा श्रीराम नाम
श्रीराम-जानकी मंदिर के वार्षिकोत्सव पर भजन संध्या और भव्य महाआरती
सरायमीर (आजमगढ़)। नगर की धार्मिक पहचान बन चुके छोटी अयोध्या स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में जीर्णोद्धार एवं मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के पांच वर्ष पूर्ण होने पर 15 अगस्त को भव्य वार्षिकोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में उत्साह है।
श्रीराम-जानकी मंदिर समिति के तत्वावधान में शनिवार शाम पांच बजे से धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे। इस दौरान विशाल भंडारे के साथ संगीतमयी भजन संध्या आयोजित की जाएगी। कलाकार प्रभु श्रीराम और माता जानकी की महिमा का गुणगान करेंगे।
शाम 6:30 बजे होगी महाआरती
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शाम 6:30 बजे होने वाली भव्य महाआरती होगी। इसमें श्रद्धालु सामूहिक रूप से प्रभु श्रीराम, माता जानकी और अन्य देवी-देवताओं की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। मंदिर समिति की ओर से कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
