वाराणसी
युवा दिवस पर नागेपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
मिर्जामुराद। युवा दिवस के अवसर पर सांसद आदर्श ग्राम नागेपुर में युवाओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में सैकड़ों युवाओं, बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों से पूरे गांव को गुंजायमान कर दिया।यात्रा के दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। ऐसे में युवाओं की ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार और सामाजिक कार्यों में लगाने की जरूरत है।
आशा सामाजिक विद्यालय के बच्चों और किशोरियों ने तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की। वहीं किशोरी सिलाई केंद्र की लड़कियों की भागीदारी ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह भर दिया। युवाओं और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे से बचाने और गांव में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाते हुए नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना चाहिए। गांव को नशामुक्त बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और सम्मान का प्रतीक है। युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं।
उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।तिरंगा यात्रा में श्याम सुंदर मास्टर, अनीता, सोनी, अरविंद, मनीष, आलोक पंचमुखी, सुनील, मनीषा, सीमा, विद्या, शमा बानो, आशीष, मंजीता, मधुवन, शिवकुमार सहित आशा सामाजिक विद्यालय के बच्चे, किशोरी सिलाई केंद्र की छात्राएं, लोक समिति के कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
