भदोही
स्टेशन पर बीमार मिली बुजुर्ग महिला, रेलवे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
तेज बुखार से थी परेशान, आधार कार्ड से हुई बक्सर निवासी गिरजा देवी की पहचान
ज्ञानपुर। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर बुधवार को एक बुजुर्ग महिला बीमार हालत में मिली। यात्रियों की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और मानवीय पहल करते हुए महिला को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
तेज बुखार से थी बेहाल
बताया गया कि महिला काफी देर से प्लेटफार्म पर बीमार अवस्था में लेटी थी। जीआरपी चौकी प्रभारी ज्ञानपुर रोड महिला कांस्टेबल स्वाति केसरवानी और आरपीएफ के ब्रजेश सिंह मौके पर पहुंचे। जांच में महिला को तेज बुखार था और वह काफी कमजोर दिखाई दे रही थी।
आधार कार्ड से हुई पहचान
महिला के सामान की तलाशी के दौरान झोले से आधार कार्ड मिला। इसके आधार पर उसकी पहचान गिरजा देवी पत्नी लक्ष्मण चौधरी, निवासी रामजियावन गंज, जिला बक्सर, बिहार के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।
चौकी प्रभारी के अनुसार महिला की स्थिति अब स्थिर है। यात्रियों की सतर्कता के चलते समय रहते महिला को चिकित्सा सहायता मिल सकी।
