गाजीपुर
स्वयं सहायता समूहों ने थामा तिरंगा अभियान का जिम्मा
डीएम ने समूह की महिलाओं से गांव-गांव प्रचार की अपील, 13 से 15 अगस्त तक व्यापक जनभागीदारी पर जोर
गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों ने भी कमान संभाल ली है। बुधवार को स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार राष्ट्रीय ध्वज जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद को भेंट किया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों और विकासखंडों में तिरंगे वितरित किए गए।
गांव-गांव पहुंचाएंगे राष्ट्रभक्ति का संदेश
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने वाला जनअभियान है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।
15 अगस्त तक चलेगा अभियान
डीएम ने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों और प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।
