गोरखपुर
फर्जी वीजा-टिकट बनाकर 2.21 लाख की ठगी, वांछित आरोपी गिरफ्तार
लीबिया-जॉर्डन में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप, शाहपुर पुलिस ने की कार्रवाई
गोरखपुर। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी वीजा और टिकट तैयार कर 2.21 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में शाहपुर पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़ित से लीबिया और जॉर्डन में नौकरी लगवाने के नाम पर रकम ली थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी धनंजय सिंह निवासी सिवान (बिहार), हाल पता दिल्ली ने कथित तौर पर कूटरचित वीजा और टिकट तैयार कर पीड़ित से कुल 2,21,500 रुपये लिए। बाद में जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपी पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़ित की तहरीर पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए धनंजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
