मिर्ज़ापुर
विंध्याचल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
हर घर तिरंगा अभियान में जुटे सभी वर्गों के लोग, हाथों में तिरंगा लेकर एकता-अखंडता का दिया संदेश
मीरजापुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को विंध्याचल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले लोगों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया।
मां विंध्यवासिनी मंदिर की परिक्रमा से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा विंध्याचल स्थित नगर विधायक के आवास से शुरू होकर मां विंध्यवासिनी मंदिर की परिक्रमा करते हुए बावली चौराहा पहुंची। यात्रा के दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सोहन श्रीमाली, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल रहे।
यात्रा के माध्यम से लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई। इस दौरान ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
