गाजीपुर
मोहम्मदाबाद किडनैपिंग केस में बड़ा एक्शन
25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल
पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद; दूसरा आरोपी फरार
मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में अपहरण के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। संयुक्त पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा गया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
तिवारीपुर मोड़ पर संदिग्ध बाइक सवार दिखे
पुलिस के अनुसार मोहम्मदाबाद और नोनहरा थाने की संयुक्त टीम देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ के पास बाइक सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी शुरू की।
गौसपुर हवाई पट्टी के पास हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक गौसपुर हवाई पट्टी के पास खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में आसपास के इलाके में अभियान चलाया।
25 हजार का इनामी है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार बदमाश की पहचान विजयी (34) पुत्र छोटेलाल निवासी बढ़ई पूरा, थाना मोहम्मदाबाद, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह मोहम्मदाबाद में दर्ज अपहरण के मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
तमंचा, कारतूस और अपाचे बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार से संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में मोहम्मदाबाद प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह और नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी अपनी-अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ अपहरण मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
