बलिया
सोनबरसा अस्पताल में लगेंगे चार इनवर्टर, बिजली संकट से मिलेगी राहत
सीएमओ ने दो इनवर्टर मंजूर किए, भाजपा नेता सूर्यभान सिंह देंगे दो इनवर्टर और वाटर कूलर
बैरिया (बलिया)। संयुक्त राजकीय चिकित्सालय सोनबरसा में बिजली और पेयजल की समस्या को दूर करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक सहयोग से अस्पताल में जल्द ही चार इनवर्टर और एक वाटर कूलर लगाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल के लिए दो इनवर्टर की स्वीकृति प्रदान की है। सीएमओ के अनुसार दोनों इनवर्टर सोमवार को अस्पताल परिसर में स्थापित कर दिए जाएंगे। वहीं स्थानीय भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने अपने निजी खर्च से दो अतिरिक्त इनवर्टर और एक वाटर कूलर उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इन्हें भी सोमवार को लगाया जाएगा।
चारों इनवर्टर लगने के बाद अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में चिकित्सकीय सेवाओं को सुचारु रखने में मदद मिलेगी। इससे चिकित्सकों और अस्पताल कर्मचारियों के साथ ही उपचार के लिए आने वाले ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने कहा कि बिजली की समस्या के कारण चिकित्सकों के कामकाज प्रभावित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित चिकित्साधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी।
अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं के मजबूत होने से स्थानीय लोगों ने भी राहत की उम्मीद जताई है।
