आजमगढ़
‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा सरायमीर
देवघर रवाना हुआ कांवड़ियों का जत्था
राम-जानकी मंदिर से निकली भव्य यात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत
सरायमीर (आजमगढ़)। सावन माह में शुक्रवार को सरायमीर नगर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। श्री बाबा बैजनाथ कांवड़िया सेवा संघ के तत्वावधान में कांवड़ियों का भव्य जत्था नई बाजार स्थित राम-जानकी मंदिर से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान डीजे की भक्तिमय धुनों और ‘बोल बम’ व ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।
देवघर रवाना होने से पहले कांवड़ियों ने राम-जानकी मंदिर में भगवान श्रीराम, माता जानकी और भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद यात्रा मुख्य मार्ग, ठठेरी बाजार, सब्जी मंडी, पुराना थाना चौक, महाजनी टोला, डाकखाना रोड और मवेशी खाना होते हुए बस स्टॉप स्थित भगवान शंकर की प्रतिमा तक पहुंची।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बस स्टॉप स्थित भगवान शंकर की प्रतिमा पर पहुंचकर कांवड़ियों ने पूजा-अर्चना की और यात्रा की सफलता व सकुशल वापसी की कामना की। महिलाओं ने कांवड़ियों की आरती उतारकर तिलक लगाया और मिठाई व फल वितरित किए।
इसके बाद सेवा संघ के सदस्य अपने वाहनों से शाहगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से ट्रेन के माध्यम से देवघर के लिए रवाना हुए। कांवड़िए सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की जाएगी।
पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह का माहौल रहा। नगरवासियों ने कांवड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
