मिर्ज़ापुर
भटवारी गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 242 मरीजों की जांच
मेडिकल कॉलेज की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण कर बांटी दवाएं, गंभीर मरीजों को किया रेफर
मिर्ज़ापुर। माँ विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से हलिया ब्लॉक के भटवारी ग्राम पंचायत में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार सिंह के मार्गदर्शन और विभागाध्यक्ष डॉ. क्षितिज राज के नेतृत्व में आयोजित शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया परीक्षण
शिविर में सामुदायिक चिकित्सा, दंत रोग, स्त्री एवं प्रसूति, सर्जरी तथा ईएनटी विभाग के चिकित्सकों ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, श्वास रोग, गर्भवती महिलाओं, चर्म रोग, दंत रोग तथा नाक, कान एवं गला संबंधी बीमारियों की जांच की। इस दौरान 122 पुरुष, 98 महिलाएं और 22 बच्चों सहित कुल 242 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य जागरूकता पर भी दिया गया जोर
शिविर में सभी मरीजों को निःशुल्क परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं, जबकि गंभीर रोगियों को आगे के उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में परामर्श लेने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। आयोजन में मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने भी सक्रिय सहयोग किया।
