मिर्ज़ापुर
टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण
चुनार सीएचसी में सीएचओ, आशा और आंगनबाड़ी कर्मियों को टीबी पहचान व बचाव के नए तरीकों की दी जानकारी
चुनार (मीरजापुर)। टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार के सभागार में शुक्रवार को स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार पटेल एवं एमओटीसी डॉ. संतोष कुमार वर्मा की मौजूदगी में सीएचओ, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर और आशा संगिनियों को टीबी की पहचान, बचाव और उपचार से जुड़ी नई जानकारियां दी गईं।
अधिक से अधिक जांच शिविर लगाने पर दिया जोर
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक जागरूकता शिविर लगाने तथा टीबी के लक्षण वाले बच्चों और वयस्कों को सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं से जोड़ने का आह्वान किया। वहीं एमओटीसी डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि टीबी गंभीर बीमारी जरूर है, लेकिन इसका इलाज पूरी तरह संभव है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों में बलगम जांच कठिन होने पर एक्स-रे जैसी जांच महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मृदुभाषी व्यवहार और समय पर मार्गदर्शन की सीख
जिला क्षय रोग कार्यक्रम के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सतीश शंकर यादव ने स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील और मृदुभाषी व्यवहार अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और सहयोग से मरीजों में उपचार के प्रति विश्वास बढ़ता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. आशिफ जहीर, डॉ. संगीता, सर्वेश कुमार, अखिलेश यादव, इफ्तिखार और बीसीपीएम गीता सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
