भदोही
करंट लगने से भैंस की मौत, पीड़ित महिला ने मांगा मुआवजा
विद्युत पोल के संपर्क में आने से हुआ हादसा, आजीविका पर संकट की बात कहकर प्रशासन से लगाई गुहार
भदोही। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के जौहरपुर गांव में विद्युत करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़िता ने प्रशासन और विद्युत विभाग से आर्थिक सहायता एवं मुआवजा देने की मांग की है।
विद्युत पोल के संपर्क में आते ही हुई मौत
जानकारी के अनुसार, जौहरपुर निवासी श्याम कुमारी, पत्नी स्वर्गीय श्यामबिहारी यादव, अपनी भैंस को चरने के लिए सड़क किनारे छोड़कर गई थीं। इसी दौरान भैंस सड़क के दूसरी ओर स्थित विद्युत पोल के संपर्क में आ गई और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
40 हजार रुपये की थी भैंस, परिवार की आजीविका पर संकट
घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों के मुताबिक मृत भैंस की कीमत करीब 40 हजार रुपये थी। श्याम कुमारी ने बताया कि वह दूध बेचकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। भैंस की मौत से उनकी आय का मुख्य स्रोत समाप्त हो गया है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
