गाजीपुर
मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अंगद राय की पत्नी की 9.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क
गैंगस्टर एक्ट के तहत जिला प्रशासन की कार्रवाई, संगठित अपराध से अर्जित धन से संपत्ति खरीदने का पुलिस का दावा
भांवरकोल/गाजीपुर। माफिया डॉन मुख्तार अंसारी (मृतक) के आईएस-191 गैंग के मुख्य शार्प शूटर व गैंग सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन की पत्नी सरिता राय के नाम खरीदी गई करीब 9 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को जिला प्रशासन ने सोमवार को कुर्क कर जब्त कर लिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम-1986 की धारा 14(1) के तहत जिलाधिकारी के आदेश पर की गई।
संगठित अपराध से अर्जित धन से संपत्ति खरीदने का आरोप
पुलिस के अनुसार थाना भांवरकोल क्षेत्र के शेरपुर खुर्द निवासी अंगद राय उर्फ झूलन, मुख्तार अंसारी गैंग का सक्रिय सदस्य और मुख्य शार्प शूटर रहा है। पुलिस अधीक्षक की संस्तुति और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गाजीपुर की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था।
आदेश के अनुपालन में सोमवार को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए संपत्ति को कुर्क कर प्रशासन के कब्जे में ले लिया।
गिरधरिया में स्थित है संपत्ति
प्रशासन के अनुसार मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के मौजा गिरधरिया स्थित आराजी संख्या-207 में 127 वर्गमीटर भूमि, जिस पर 63 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आवासीय निर्माण है, सरिता राय के नाम से खरीदी गई थी। यह संपत्ति व्यावसायिक गतिविधियों वाले क्षेत्र और चिन्हित मार्ग पर स्थित है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 9.50 करोड़ रुपये आंका गया है।
25 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक अंगद राय उर्फ झूलन के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आपराधिक षड्यंत्र, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान कार्रवाई थाना कोतवाली गाजीपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 314/2023 के तहत की गई है।
संयुक्त टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार महेंद्र बहादुर, भांवरकोल थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्र, रजागंज चौकी प्रभारी अभिनव गुप्ता, क्षेत्रीय लेखपाल संतोष राय सहित राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही। सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध से अर्जित चल और अचल संपत्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा माफिया और उनके सहयोगियों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
