गाजीपुर
विवाहिता की मौत मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, पति गिरफ्तार
उत्पीड़न का आरोप, न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को भेजा गया जेल
नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के धरवां गांव में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के विधापारा गांव निवासी गुलाबी देवी ने नंदगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व धरवां गांव निवासी दयालु बिंद के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी।
दहेज मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति विवाहिता के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी पति दयालु बिंद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
