बलिया
श्री शिव धाम मंदिर में भोलेनाथ का दिव्य रजत अलंकरण
उमड़ा आस्था का सैलाब
महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर, करीब 21 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
रसड़ा (बलिया)। नगर के श्रीनाथ बाबा मंदिर के पीछे स्थित श्री शिव धाम मंदिर में गुरुवार को भगवान भोलेनाथ के दिव्य रजत अलंकरण का भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। चांदी से किए गए भगवान शिव के मनोहारी श्रृंगार के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। आयोजन के दौरान करीब 21 हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
भगवान भोलेनाथ का आकर्षक रजत अलंकरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजन-अर्चन और जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा।
आयोजकों के अनुसार भगवान शिव का यह दिव्य रजत अलंकरण श्रद्धालुओं के सहयोग से संपन्न कराया गया। इसमें रसड़ा के साथ ही वाराणसी, महाराष्ट्र तथा अन्य जनपदों और राज्यों के शिवभक्तों ने भी सहयोग किया। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों एवं धार्मिक सजावट से सजाया गया था, जिससे इसकी भव्यता देखते ही बन रही थी।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति की ओर से महाप्रसाद वितरण, पेयजल, बैठने, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं को दर्शन एवं प्रसाद वितरण में सहयोग किया।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन वशिष्ठ नारायण सोनी, गुड्डू तिवारी, स्वर्ण व्यवसायी आरजू सोनी सहित नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भगवान शिव के भव्य रजत स्वरूप के दर्शन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरे क्षेत्र का वातावरण शिवमय बना रहा।
