Connect with us

भदोही

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, गोपीगंज में शराब और मांस की दुकानों की हुई चेकिंग

Published

on

Loading...
Loading...

एसडीएम और सीओ ने कांवड़ मार्ग का लिया जायजा, नियमों का सख्ती से पालन कराने के दिए निर्देश

गोपीगंज (भदोही)।श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर अरुण दीक्षित और क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज के साथ कस्बा गोपीगंज में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।

शराब और मांस की दुकानों का किया निरीक्षण

अभियान के दौरान अधिकारियों ने देशी, विदेशी, बीयर और मॉडल शॉप सहित मदिरा की दुकानों तथा मीट एवं मांस की दुकानों का निरीक्षण किया। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली दुकानों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दुकानों को ढकने और मांस बिक्री पर रोक के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी शराब और मांस की दुकानों को शासन के निर्देशानुसार बाहर से पर्दे या तिरपाल से पूरी तरह ढककर रखा जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर मांस की बिक्री और प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

समय से खुलें और बंद हों मदिरा दुकानें

प्रशासन ने निर्देश दिया कि सभी मदिरा दुकानें शासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित हों। तय समय के बाद किसी भी प्रकार की बिक्री नहीं होगी। दुकानों के आसपास खुले में मदिरापान, अनावश्यक भीड़ या हुड़दंग की स्थिति भी नहीं बनने दी जाएगी।

Advertisement

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी

अधिकारियों ने प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज को कांवड़ मार्ग, संवेदनशील स्थलों और प्रमुख बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल के साथ लगातार गश्त और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page