भदोही
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी
भदोही पुलिस ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
साइबर अपराध से बचाव, कानूनी अधिकार और यूपीकॉप ऐप के उपयोग के बारे में किया जागरूक
ज्ञानपुर (भदोही)। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत भदोही पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया।
इसके साथ ही यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। महिलाओं को पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
भदोही पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने सभी महिलाओं से किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर देने की अपील की।
