Connect with us

मिर्ज़ापुर

जीआरपी ने 10 घंटे में बरामद किया तीन माह का अपहृत मासूम, महिला गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

मिर्जापुर स्टेशन से अगवा कर मगध एक्सप्रेस से इटावा पहुंची थी आरोपी, सीसीटीवी और त्वरित कार्रवाई से खुला मामला

मिर्जापुर। जीआरपी मिर्जापुर ने रेलवे स्टेशन से अपहृत तीन माह के मासूम को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया, जिसके बाद परिजनों ने जीआरपी और आरपीएफ की कार्रवाई की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2/3 स्थित वेटिंग रूम में सो रहे तीन माह के मासूम परवेज का कथित रूप से मीना देवी निवासी अमोई, थाना कोतवाली देहात, मिर्जापुर अपहरण कर ले गई। इस संबंध में जीआरपी मिर्जापुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। फुटेज में आरोपी महिला बच्चे को लेकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 से मगध एक्सप्रेस के एस-4 कोच में चढ़ती दिखाई दी। इसके बाद जीआरपी ने तत्काल इटावा जीआरपी से संपर्क कर आरोपी की फोटो और वीडियो साझा किए।

मुखबिर की सूचना पर जीआरपी इटावा ने रेलवे स्टेशन इटावा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के अंतिम छोर से आरोपी महिला को तीन माह के बच्चे के साथ हिरासत में ले लिया। इसके बाद मिर्जापुर से पहुंची पुलिस टीम बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी को अपने साथ लेकर आई।

Advertisement

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। बच्चे के सकुशल मिलने पर उसकी मां ने जीआरपी और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page