भदोही
सरकारी लाभ लेने के लिए कंपनी के नाम पर फर्जी उद्यम सर्टिफिकेट बनाने का आरोप
भदोही में कंपनी ने दर्ज कराई शिकायत, गलत नाम-पते का इस्तेमाल कर MSME पोर्टल पर कराया गया पंजीकरण
शासन की योजनाओं का लाभ लेने की आशंका, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
गोपीगंज (भदोही)। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से एक कंपनी के नाम और पते का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी उद्यम (MSME) सर्टिफिकेट बनवाने का मामला सामने आया है। मामले में ओबीटी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने गोपीगंज कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
कंपनी के प्रेसिडेंट आई.बी.ओ. सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्हें एमएसएमई पोर्टल से जानकारी मिली कि विनोद कुमार बिन्द, निवासी लालानगर, ने उनकी कंपनी के नाम और पते का इस्तेमाल कर फर्जी उद्यम पंजीकरण करा लिया है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने ओबीटी प्राइवेट लिमिटेड, प्लॉट नंबर, ज्ञानपुर, भदोही-221304 के नाम से UDYAM-UP-66-0023595 संख्या का उद्यम सर्टिफिकेट 18 अक्टूबर 2024 को बनवाया। कंपनी का आरोप है कि प्रमाणपत्र में मूलभूत जानकारी के स्थान पर “दीपक कुमार” का नाम और गलत मोबाइल नंबर दर्ज है, जबकि फोटो विनोद कुमार बिन्द की लगी हुई है।
कंपनी का कहना है कि आरोपी ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से उसके नाम और पते का इस्तेमाल कर फर्जी व्यापार संचालित करने अथवा शासन की विभिन्न योजनाओं के आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया है।
कंपनी ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
