मिर्ज़ापुर
मिर्ज़ापुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भारतीय मजदूर संघ का 72वां स्थापना दिवस
राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिक हित के समन्वय को बताया संगठन की मूल विचारधारा
प्रदेश अध्यक्ष विश्वेश्वर राय बोले— भारतीय मजदूर संघ आज विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन
मिर्ज़ापुर। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वां स्थापना दिवस गुरुवार को मीरजापुर में गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम का आयोजन अस्थायी जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष श्रीप्रकाश तिवारी की अध्यक्षता में उनके आवास पर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती, भगवान विश्वकर्मा, भारत माता तथा भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुई।
मुख्य अतिथि एवं भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष विश्वेश्वर राय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता के बाद कुछ संगठनों ने श्रमिकों के बीच भ्रम फैलाकर उन्हें उनके वास्तविक अधिकारों से दूर रखने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि 23 जुलाई 1955 को भोपाल में पूज्य दत्तोपंत ठेंगड़ी ने भारतीय मजदूर संघ की स्थापना की थी। आज यह संगठन राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिक हित के समन्वय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है।
प्रदेश मंत्री अरुण कुमार दूबे ने श्रमिकों से सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और संगठन की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित, जागरूक और संस्कारित श्रमिक ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं।
कार्यक्रम का संचालन जिलामंत्री चंद्रभूषण पांडेय ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष एवं भारतीय डाक कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री राजीव कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष राजीव द्विवेदी, आनंद कसेरा, बेचूलाल, शांति तिवारी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।
