Connect with us

मिर्ज़ापुर

श्रावण कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

मड़िहान से घोरावल शिव मंदिर मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

अधिक बारिश होने पर वैकल्पिक मार्ग से कांवड़ियों को सुरक्षित भेजने की बनाई गई कार्ययोजना

मिर्ज़ापुर, 24 जुलाई। आगामी श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गुरुवार को मड़िहान से कलवारी मार्ग होते हुए घोरावल शिव मंदिर जाने वाले कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सड़क की स्थिति का जायजा लिया तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नहर पर बने पुल के दोनों ओर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग लगाने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में मीरजापुर-सोनभद्र सीमा स्थित धुरकर गांव के बकहर नदी पुल का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि भारी बारिश के कारण पुल या रपटे पर पानी बढ़ता है तो कांवड़ियों के लिए सुरक्षित ठहरने, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि जलस्तर लंबे समय तक कम नहीं होता है तो बकसरा गांव के वैकल्पिक मार्ग से श्रद्धालुओं को सुरक्षित रवाना किया जाए।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, आवश्यक स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने, शिविर स्थलों पर पार्किंग, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित विकास खंडों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page