मिर्ज़ापुर
सपा का हल्लाबोल, शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
अखिलेश यादव की हिरासत और छात्रों के मुद्दों को लेकर मिर्जापुर में प्रदर्शन, पुलिस छावनी में तब्दील रहा सपा कार्यालय
जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी बोले- जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार
मिर्ज़ापुर। समाजवादी पार्टी ने बुधवार को विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत कई मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन को देखते हुए सपा कार्यालय लोहिया ट्रस्ट और कचहरी क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लेना और उनके साथ कथित अभद्रता करना लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का संवैधानिक अधिकार है।
पुलिस की निगरानी में हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन से पहले पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। कटरा कोतवाली पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी को उनके आवास से बुलाकर पार्टी कार्यालय पहुंचाया। वहीं कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष की मौजूदगी की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के बाद नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार को राष्ट्रपति को संबोधित मांग पत्र सौंपा गया।
सपा ने रखीं कई मांगें
ज्ञापन में समाजवादी पार्टी ने मांग की कि—
पेपर लीक परीक्षा मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाए।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तत्काल रिहा कर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराई जाए।
आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं के परिवारों को एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए।
‘दमन से नहीं डरेंगे कार्यकर्ता’
सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पुलिस कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करना हर नागरिक का अधिकार है।
पूर्व विधायक जगतंबा सिंह पटेल ने कहा कि लोकतंत्र की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि पुलिस कार्रवाई या जेल भेजने की धमकी से कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं।
प्रदर्शन में रोहित शुक्ला, दामोदर प्रसाद मौर्या, आदर्श यादव, सुरेंद्र सिंह पटेल, राजेश भारती, संतोष गौतम, अनीस खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा नेताओं के अनुसार कई पदाधिकारियों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट भी किया था।
