मिर्ज़ापुर
नहर में मिला चार फीट लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित छोड़ा
ग्रामीणों में मचा हड़कंप, सूचना पर पहुंची टीम ने जाल बिछाकर पकड़ा
सेमरी बांध में प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया मगरमच्छ, वन विभाग की तत्परता से टली अनहोनी
मिर्जापुर। सुकृत वन रेंज के भवानीपुर वन चौकी अंतर्गत कुड़ी गांव में सोमवार की रात नहर में चार फीट लंबा मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव के पास स्थित नहर में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन कर्मियों ने काफी मशक्कत और सावधानी के साथ जाल बिछाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू अभियान में वन दरोगा आलोक सिंह, वनकर्मी राजेंद्र सिंह उर्फ मुरली, रामपाल और दिनेश सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
मगरमच्छ को पकड़ने के बाद वन विभाग की टीम उसे सेमरी बांध ले गई, जहां उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इससे ग्रामीणों को राहत मिली और किसी भी संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल टीम को भेजा गया था। टीम ने पूरी सावधानी के साथ मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वन्य जीव दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और खुद पकड़ने का प्रयास न करें।
