Connect with us

आजमगढ़

वर्ल्ड चेस डे पर सेंट जेवियर्स एलवल में अंतर विद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता, समेंदा और एलवल का रहा दबदबा

Published

on

Loading...
Loading...

अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को मिला सम्मान

प्रधानाचार्य बोले- शतरंज से बढ़ती है एकाग्रता, तार्किक क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति

आजमगढ़। विश्व शतरंज दिवस के अवसर पर सोमवार को सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल में अंतर विद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स एलवल, सम्मोपुर, समेंदा, तरवा, लालगंज और फूलपुर शाखाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, सीएओ साक्षी बिसेन, उपप्रधानाचार्य संजय कुमार पांडेय, विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज और कनिष्ठ समन्वयक मोना सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. आसिम खान (असिस्टेंट प्रोफेसर, शिब्ली नेशनल कॉलेज) एवं विशिष्ट अतिथि एआरटीओ अतुल कुमार यादव के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और रणनीतिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

Advertisement

अंडर-14 बालक वर्ग में सेंट जेवियर्स समेंदा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि लालगंज उपविजेता रहा। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में लालगंज विजेता और एलवल उपविजेता बना।

अंडर-19 बालक वर्ग में समेंदा शाखा ने खिताब अपने नाम किया, जबकि एलवल को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। अंडर-19 बालिका वर्ग में एलवल विजेता और लालगंज उपविजेता रहा।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों में एकाग्रता, तार्किक सोच, निर्णय क्षमता और अनुशासन विकसित करने वाली बौद्धिक विधा है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

अंत में विद्यालय प्रशासन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्रतिभागी खिलाड़ियों और उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page