मिर्ज़ापुर
फर्जी हलफनामा बनाकर गवाही से हटाने का आरोप, एसडीएम मड़िहान से न्याय की गुहार
गवाह ने लगाया दबंगों पर साजिश का आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
एसडीएम बोले- जानकारी मिलते ही कूटरचित दस्तावेज तैयार करने वालों पर होगी कार्रवाई
मीरजापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत काशोपुर पचोखरा में एक मामले में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मुकदमे के गवाह रमाशंकर केशरी ने उपजिलाधिकारी मड़िहान को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि दबंगों द्वारा उसके नाम से कथित रूप से फर्जी हलफनामा तैयार कराकर उसे गवाही से हटाने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता रमाशंकर केशरी ने 15 जुलाई 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह एक मुकदमे में प्रत्यक्ष गवाह है। आरोप है कि ग्राम पंचायत के रोजगार सेवक संजय सोनकर पुत्र लछमन सोनकर द्वारा सरकारी विकास कार्य कराया जा रहा था, उसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया था। इस मामले में पुलिस द्वारा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है, जिसमें वह गवाह है।
गवाह का आरोप है कि उसकी जानकारी और सहमति के बिना उसके नाम से एक झूठा हलफनामा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया। कथित फर्जी हलफनामे के आधार पर उसे मामले की गवाही से बाहर कर दिया गया।
रमाशंकर केशरी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए उपजिलाधिकारी मड़िहान से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में नवागत उपजिलाधिकारी मड़िहान संतोष ओझा ने बताया कि उन्हें अभी मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जानकारी मिलने के बाद जांच कराई जाएगी और यदि हलफनामा कूटरचित पाया गया तो दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।
