मिर्ज़ापुर
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम, एसपी व सीडीओ ने सुनीं जनसमस्याएं
चुनार तहसील में अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर दिए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
मिर्जापुर। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के तहत तहसील चुनार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, पूर्ति, विद्युत समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। फरियादियों ने जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, राशन कार्ड, आवास, पेंशन, चकरोड तथा पुलिस विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपे।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आम नागरिकों को तहसील स्तर पर ही न्याय मिले और शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने विकास कार्यों से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी चुनार, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
