भदोही
दिनदहाड़े डिलीवरी ब्वाय की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध
गोपीगंज के बड़े शिव मार्ग पर घटना से हड़कंप, सामान लेने गए युवक की सीडी डीलक्स बाइक गायब
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में जुटी पुलिस, व्यापारियों में बढ़ी चिंता
गोपीगंज (भदोही)। नगर के बड़े शिव मार्ग पर शुक्रवार को दिनदहाड़े एक डिलीवरी ब्वाय की बाइक चोरी हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के मिसिरपुर निवासी राकेश पुत्र शिवशंकर उपाध्याय डिलीवरी ब्वाय का काम करते हैं। वह बड़े शिव मार्ग स्थित सभासद मोहित उमर की एजेंसी के सामने अपनी सीडी डीलक्स बाइक खड़ी कर सामान लेने गए थे।
कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक अपने स्थान से गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक बाइक लेकर मिर्जापुर रोड की ओर जाता हुआ दिखाई दिया।
पीड़ित ने घटना की जानकारी मंडी चौकी पुलिस को देते हुए तहरीर सौंपी। बताया गया कि चोरी हुई बाइक राकेश के एक रिश्तेदार की थी, जिसे वह काम के सिलसिले में लेकर आया था।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर बाइक बरामदगी के प्रयास में जुट गई है। वहीं, दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है।
