भदोही
फूलों से सजे रथ पर निकले भगवान जगन्नाथ, गोपीगंज में उमड़ा आस्था का सैलाब
भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा संग भगवान जगन्नाथ ने किया नगर भ्रमण, रथ खींचने को भक्तों में दिखा उत्साह
ढोल-नगाड़ों, शंख ध्वनि और पुष्प वर्षा के बीच निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन-पूजन
गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज नगर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। सोनिया तालाब स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से सायंकाल शुरू हुई इस शोभायात्रा में फूलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
रथ यात्रा से पूर्व राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में विधि-विधान से आरती और पूजन किया गया। आचार्य रामजी पाठक ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को माल्यार्पण कर आरती की। इसके बाद भक्तों ने रस्सी के सहारे रथ खींचते हुए नगर भ्रमण शुरू किया। रथ की रस्सी पकड़ने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह और होड़ देखने को मिली।
ढोल-ताशे, घंटा-घड़ियाल और शंख ध्वनि के बीच धर्म ध्वजा लिए भक्त आगे बढ़ रहे थे, वहीं सजे-धजे गजराज शोभायात्रा की भव्यता बढ़ा रहे थे। रथ यात्रा फूलबाग से होते हुए सदर मुहाल, अंजही मुहाल, पश्चिम मुहाल, राजमार्ग और मीरजापुर रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी।
शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। लोग कतारबद्ध होकर पूजा-अर्चना करते नजर आए, जबकि घरों की छतों से श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
रथ यात्रा में राधा-कृष्ण की झांकी और शिव तांडव नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। भव्य धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर सांसद डॉ. विनोद बिंद, विधायक दीनानाथ भास्कर, विपुल दुबे, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जितेंद्र गुप्त, बृजेश गुप्ता, घनश्यामदास गुप्त, कृष्ण कुमार खटाई, जगदीश उमर, अवधेश उमर, रमेश कौशल, श्रीकांत जायसवाल, विनय त्रिपाठी, कौशलेंद्र सिंह, राजेंद्र पुष्पकार, शंकराचारी दुबे, प्रदीप गुप्त, गुड्डू जायसवाल, लल्लू, मिंकू उमर, राजीव दुबे, कमल कौशल, आनंद कुमार मिश्र, रवि पाण्डेय, मोहित कुमार उमर, कुलदीप सेठ, राकेश कौशल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
