मिर्ज़ापुर
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में मीरजापुर ने रचा कीर्तिमान
9,700 के लक्ष्य के मुकाबले 17,241 सोलर संयंत्र स्थापित, स्वच्छ ऊर्जा से बिजली व्यवस्था हुई मजबूत
बिजली बिल में राहत, अतिरिक्त बिजली बेचकर बढ़ रही आय; चीफ अभियंता बोले— मांग घटी, आपूर्ति हुई अधिक विश्वसनीय
मीरजापुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना के तहत मीरजापुर जनपद ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए निर्धारित लक्ष्य से दोगुने के करीब सोलर संयंत्र स्थापित कर नया कीर्तिमान बनाया है। योजना के प्रभाव से जिले में स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ विद्युत व्यवस्था भी अधिक सुदृढ़ हुई है।
विद्युत विभाग के अनुसार जनपद में लगभग 9,700 सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जबकि अब तक 17,241 सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ मीरजापुर प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है।
सोलर संयंत्रों के माध्यम से बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी जरूरत की बिजली स्वयं तैयार कर रहे हैं। उपयोग के बाद बची हुई बिजली को विद्युत निगम के ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है और ऊर्जा पर होने वाला खर्च घटा है।
सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग का सकारात्मक असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। बिजली की मांग कम होने से आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुचारु हुई है, जबकि लाइन लॉस और बिजली चोरी पर भी प्रभावी नियंत्रण देखने को मिला है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पहले की अपेक्षा अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।
विद्युत विभाग के आंकड़ों के अनुसार मीरजापुर में कुल 4,15,967 बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 3,53,720 घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ तेजी से इन उपभोक्ताओं तक पहुंच रहा है और जिले में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।
चीफ अभियंता लोकेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लक्ष्य से दोगुने से अधिक सोलर संयंत्र स्थापित होने से बिजली की मांग में कमी आई है। इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय और बेहतर विद्युत आपूर्ति के रूप में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से मीरजापुर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
