मिर्ज़ापुर
टायर फटने से बेकाबू ट्रक मकान में घुसा, तीन की मौत
मिर्जापुर के अहरौरा में तड़के हुआ दर्दनाक हादसा, मलबे में दबने से तीन की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल
मिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में घुस गया।
घटना सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। तेज रफ्तार ट्रक के मकान में घुसते ही दीवार ढह गई और घर के बाहर मौजूद लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल सीएचसी चचेरी मोड़, चुनार भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया।
हादसे में राजाराम (47 वर्ष), सुखिया (70 वर्ष) और चांदतारा (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुहानी (12 वर्ष) निवासी मुजेहरा, थाना कोतवाली देहात तथा सुनील शर्मा (45 वर्ष) निवासी कुदारन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस और प्रशासन ने क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
