भदोही
अंधे कत्ल का खुलासा: मछलियों में जहर डालने के शक में युवक की हत्या, दो गिरफ्तार
शराब पी रहे युवक पर बल्ली से किया हमला, शव तालाब में फेंका; स्वाट टीम और सुरियावां पुलिस ने 8 दिन में सुलझाया मामला
भदोही। सुरियावां थाना पुलिस और स्वाट टीम ने एक अंधे कत्ल का सफल अनावरण करते हुए हत्या के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तालाब में मछलियों को जहर देने के पुराने विवाद के शक में दोनों आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया था।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार को कलिंजरा मोड़ स्थित कुसुमांजली आईटीआई कॉलेज के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 14 जुलाई को मृतक धीरज शुक्ला उर्फ बब्बू की पत्नी संगीता शुक्ला ने तहरीर देकर बताया था कि उनके पति 8 जुलाई को घर से दानूपुर बाजार जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन उनका शव डोलहरिया तालाब में मिला था। इस संबंध में सुरियावां थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुरेन्द्र बिन्द और सभाजीत बिन्द ने बताया कि उनके तालाब में 7-8 माह पहले जहर डालने से बड़ी संख्या में मछलियां मर गई थीं। 8 जुलाई की शाम उन्होंने दो लोगों को तालाब किनारे शराब पीते देखा और उन्हें उसी घटना का जिम्मेदार समझ लिया। इसी दौरान कहासुनी होने पर सभाजीत ने बल्ली से धीरज शुक्ला के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को तालाब में फेंक दिया और घटना में प्रयुक्त बल्ली तथा अन्य साक्ष्य छिपा दिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बल्ली का टुकड़ा और मृतक की टी-शर्ट बरामद कर ली है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सभाजीत बिन्द (20 वर्ष) और सुरेन्द्र बिन्द (44 वर्ष), निवासी दानूपुर पूरब पट्टी, थाना सुरियावां, जनपद भदोही के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
