भदोही
पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी के शिकार युवक को मिले ₹10 हजार वापस
सुरियावां साइबर हेल्प डेस्क की कार्रवाई, एपीके फाइल डाउनलोड कर खाते से उड़ाए गए थे ₹55 हजार
एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत के बाद हुई कार्रवाई, पुलिस ने लोगों से साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील की
भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में थाना सुरियावां की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक युवक के खाते में 10 हजार रुपये वापस कराए हैं। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने भदोही पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, अनुराग सिंह, निवासी ग्राम महजूदा, थाना सुरियावां के मोबाइल में एक एपीके (APK) फाइल डाउनलोड हो जाने के बाद उनके बैंक खाते से 55 हजार रुपये की धोखाधड़ी हो गई थी। पीड़ित ने इस संबंध में एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित माध्यमों से समन्वय स्थापित किया और पीड़ित के खाते में 10 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की।
साइबर हेल्प डेस्क ने जारी की सावधानी संबंधी सलाह
भदोही पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि—
- साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
- किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई एपीके (APK) फाइल या ऐप डाउनलोड न करें।
- वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें।
- किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें।
- किसी भी संदिग्ध लेनदेन या पैसे की मांग होने पर पहले पूरी तरह सत्यापन करें।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी त्रिपाठी, महिला कांस्टेबल गरिमा यादव एवं प्रज्ञा की सक्रिय भूमिका रही।
