भदोही
मिशन शक्ति 5.0 के तहत भदोही पुलिस का जागरूकता अभियान
महिलाओं को बताए सुरक्षा और कानूनी अधिकार
बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया अभियान, हेल्पलाइन नंबर व साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
भदोही। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में भदोही पुलिस ने जनपद के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1076 पुलिस कंट्रोल रूम सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता से भी अवगत कराया।
इस दौरान यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने तथा फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत उपलब्ध कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी गई।
भदोही पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में महिलाएं तत्काल नजदीकी थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
