भदोही
कांवड़ यात्रा को लेकर भदोही पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया रूट का निरीक्षण
प्रयागराज-भदोही से वाराणसी बॉर्डर तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
भदोही। आगामी श्रावण मेला एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जनपद के मुख्य कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने प्रयागराज-भदोही भीटी बॉर्डर से वाराणसी-भदोही बाबूसराय बॉर्डर तक पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी
निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग और संवेदनशील स्थानों का भौतिक सत्यापन किया गया। स्थानीय पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा सुरक्षा ग्रिड को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बना रहे। साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और पार्किंग स्थलों की समीक्षा करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा भारी वाहनों की आवाजाही को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार नियंत्रित करने के निर्देश दिए।
सीमावर्ती जिलों से बेहतर समन्वय के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमावर्ती जनपदों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
