Connect with us

मिर्ज़ापुर

विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा पर छात्रों को किया जागरूक

Published

on

Loading...
Loading...

गुरुनानक इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग, पीएसआई इंडिया व केनव्यू के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित

परिवार नियोजन और डायरिया रोकथाम पर दिया गया प्रशिक्षण

मिर्जापुर। विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत नगर स्थित गुरुनानक इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग, पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल (पीएसआई-इंडिया) एवं केनव्यू के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को जनसंख्या स्थिरता, परिवार नियोजन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा डायरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

पीएसआई इंडिया के कार्यक्रम प्रबंधक विष्णु प्रकाश मिश्रा ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या का सीधा असर पर्यावरण, संसाधनों, स्वास्थ्य सेवाओं और विकास पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन, प्रजनन स्वास्थ्य तथा दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने जानकारी दी कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भनिरोधक गोलियां, कंडोम, कॉपर-टी, महिला एवं पुरुष नसबंदी जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद में “डायरिया से डर नहीं” अभियान भी संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखना है। छात्रों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता, हाथ धोने की सही आदत, स्वच्छ पेयजल, पौष्टिक भोजन और साफ वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक करें।

Advertisement

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय प्रताप सिंह ने डायरिया की रोकथाम एवं उपचार पर प्रशिक्षण देते हुए बताया कि दस्त होने पर तत्काल ओआरएस घोल और जिंक सप्लीमेंट का उपयोग करना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आशा कार्यकर्ता के माध्यम से उपचार दिलाना चाहिए। उन्होंने टीकाकरण और समय पर उपचार को बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या पूर्णिमा द्विवेदी, उपप्रधानाचार्य संजीव कुमार, पीएसआई इंडिया की अर्चना मिश्रा, आशा कार्यकर्ता रिंकू देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page