Connect with us

भदोही

‘न्याय आपके द्वार’ अभियान के तहत डीएम ने किया राजस्व विवादों का स्थलीय निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

पिपरगांव पहुंचकर आवासीय पट्टा प्रकरणों की जांच, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

ज्ञानपुर (भदोही)। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को तहसील औराई के ग्राम पंचायत पिपरगांव में ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा-66 से संबंधित आवासीय पट्टा प्रकरणों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान न्यायालय में लंबित विभिन्न राजस्व वादों की मौके पर जाकर गहन समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्याम घर बनाम लाल जी, श्याम घर बनाम सरधमा, राहुल बनाम अनीता देवी तथा आरजी मौजा पिपरगांव से जुड़े प्रकरणों का स्थलीय परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने विवादित स्थलों का निरीक्षण कर राजस्व अभिलेखों, सीमांकन और उपलब्ध साक्ष्यों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही दोनों पक्षों की बातें सुनकर संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

डीएम ने निर्देश दिया कि न्यायालय में विचाराधीन राजस्व मामलों के निस्तारण में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी प्रत्येक कार्रवाई अभिलेखों, साक्ष्यों और न्यायालय के आदेशों के अनुरूप हो, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।

उन्होंने अधिकारियों को न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक मामले की तथ्यपरक जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विवादों का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे आमजन का प्रशासन और न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहती है।

Advertisement

इस दौरान उपजिलाधिकारी औराई श्याम मणि त्रिपाठी, तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page