मिर्ज़ापुर
अमृत सरोवर में डूबने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा युवक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
मीरजापुर। चील्ह थाना क्षेत्र के चिंदलिख गांव स्थित अमृत सरोवर में मंगलवार दोपहर नहाने के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान राहुल सिंह (25) पुत्र राम जनम सिंह, निवासी चिंदलिख के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राहुल अपने चार रिश्तेदारों के साथ गांव के अमृत सरोवर पर घूमने गया था। दोपहर करीब 1:45 बजे सभी लोग सरोवर में स्नान करने लगे। इसी दौरान राहुल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथियों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद राहुल को पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे पहले भदोही के एक निजी अस्पताल और बाद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह ले गए, जहां दोनों स्थानों पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चेतगंज पुलिस चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार अमृत सरोवर में मछली पालन होने के कारण उसमें 10 फीट से अधिक पानी भरा रहता है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
