मिर्ज़ापुर
बाइक रैली के साथ शुरू हुआ स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण
राजगढ़ में विधायक ने दिखाई हरी झंडी, अधिक नामांकन वाले शिक्षकों को किया सम्मानित
मीरजापुर। बेसिक शिक्षा विभाग के ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत विकासखंड राजगढ़ के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बैरमपुर से मंगलवार को जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल और खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभाकर सिंह एवं अवधेश सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। विधायक ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शत-प्रतिशत बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बैरमपुर, समुदवा, बड़ागांव, जौगढ़, कुसुम्ही, डढ़िया, लूसा, विशुनपुर और चन्दनपुर के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सत्यप्रकाश सिंह, शिवेंद्र सिंह, बृजेश सिंह, ओम राहुल सिंह, आलोक जौहरी, चंद्रशेखर सिंह, कविता सिंह, गुड्डी देवी सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
