बलिया
कोर्ट के आदेश पर सात लोगों पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
भूमि विवाद में विवाहिता से मारपीट, घर में घुसकर अभद्रता और अवैध कब्जे का आरोप
पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़िता पहुंची कोर्ट, न्यायालय के निर्देश पर बांसडीह पुलिस ने दर्ज किया केस
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में भूमि विवाद को लेकर एक विवाहिता से कथित मारपीट, घर में घुसकर मर्यादा भंग करने के प्रयास तथा अवैध कब्जे के मामले में न्यायालय के आदेश पर सात नामजद लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, 10 अप्रैल की दोपहर उसके पट्टीदार पांच अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उसकी भूमि पर पहुंचे और जबरन ईंटें गिरवाकर अवैध निर्माण शुरू कर दिया तथा रास्ता बंद करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोप है कि आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की।
महिला का आरोप है कि जान बचाने के लिए घर में भागने पर आरोपी घर में घुस आए और उसकी साड़ी खींचकर मर्यादा भंग करने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़िता का कहना है कि स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एफटीसी तृतीय, बलिया के आदेश पर बांसडीह कोतवाली पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
