वाराणसी
18 जिलों के 44 रेफरियों ने लिया प्रशिक्षण
राज्य स्तरीय क्वान की डो रेफरी सेमिनार संपन्न
वाराणसी में दो दिवसीय आयोजन, सफल प्रतिभागियों को ग्रेडिंग व रेफरी प्रमाण-पत्र प्रदान
वाराणसी। उत्तर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन के तत्वावधान में 12 और 13 जुलाई को वाराणसी स्थित गौतम हिमताज रिजॉर्ट में आयोजित चौथा राज्य स्तरीय क्वान की डो रेफरी सेमिनार एवं ग्रेडिंग कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के 18 जनपदों से 44 चयनित रेफरियों ने भाग लेकर खेल के नवीनतम तकनीकी मानकों, प्रतियोगिता संचालन, नियमों और निर्णायक प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

सेमिनार में वाराणसी, गाजीपुर, गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, कानपुर, चंदौली, गौतम बुद्धनगर, सहारनपुर, बहराइच, गोंडा, मथुरा, मैनपुरी, इटावा सहित विभिन्न जनपदों के रेफरियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की प्रायोगिक, सैद्धांतिक और मौखिक परीक्षाएं आयोजित की गईं, जिनमें सफल रेफरियों को प्रमाणित किया गया।

कार्यक्रम में तकनीकी निदेशक भुवनेश कुमार शर्मा और रेफरी चेयरमैन अब्दुल मलिक खान ने अंतरराष्ट्रीय नियमों, तकनीकी बारीकियों और प्रतियोगिता संचालन की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्घाटन एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार सिंह गौतम ने किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित और निष्पक्ष रेफरी किसी भी खेल प्रतियोगिता की गुणवत्ता और विश्वसनीयता की रीढ़ होते हैं।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसोसिएशन के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्य अमित पांडेय ने सफल प्रतिभागियों को ग्रेडिंग और रेफरी प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

एसोसिएशन के महासचिव अमित कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रदेश का अब तक का सबसे महत्वपूर्ण रेफरी सेमिनार रहा, जिसमें पहली बार प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता और प्रदर्शन के आधार पर आधिकारिक रेफरी ग्रेडिंग जारी की गई। कार्यक्रम के अंत में जिला क्वान की डो संघ के सचिव उमेश केसरी सहित पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
